
रायपुर। भारतीय योग संस्थान दिल्ली की रायपुर शाखा भैरव सोसाइटी योग परिवार में आयोजित पाँच दिवसीय नि:शुल्क योग एवं बाल संस्कार शिविर का आज उत्साहपूर्ण वातावरण में सफल शुभारंभ हुआ। शिविर के प्रथम दिवस में बड़ी संख्या में बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने सहभागिता कर योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति अपनी रुचि दिखाई।विशेष रूप से बच्चों के लिए आयोजित इस शिविर मे बच्चों को जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास कैसे हो? के साथ ही यह बताया गया कि किस प्रकार योग, प्राणायाम एवं ध्यान के माध्यम से विद्यार्थी अपने जीवन को सफल, स्वस्थ एवं ऊर्जावान बना सकते हैं।शिविर में बच्चों को सरल एवं उपयोगी योगासन, सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, ध्यान एवं मनोरंजक योग गतिविधियों का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने बच्चों को मोबाइल एवं अत्यधिक स्क्रीन टाइम से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें खेल, योग, संगीत, ध्यान एवं सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित किया। पूरे दो घंटे तक बच्चे उत्साह एवं आनंद के साथ शिविर से जुड़े रहे।इस अवसर पर बच्चों एवं अभिभावकों को संतुलित आहार, पौष्टिक भोजन एवं सही दिनचर्या के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। बच्चों को जंक फूड, कोल्ड ड्रिंक एवं अत्यधिक पैकेट फूड से बचने तथा फल, सलाद, अंकुरित आहार, दूध एवं पौष्टिक भोजन अपनाने की प्रेरणा दी गई।शिविर में भारतीय योग संस्थान के प्रांत प्रधान मुकेश सोनी सहित राजेश डागा, राजेश अग्रवाल, के.आर. साहू, श्रीमती कांति लुनिया, सुदेशना मेने, अंजू जैन, संदीप सूर्यवंशी ,सुषमा साहू, आंचल जैन गुंजन पांडे, प्रिया लूनिया आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने योग को जीवन का आवश्यक हिस्सा बनाने एवं बच्चों में संस्कारयुक्त जीवनशैली विकसित करने पर जोर दिया।संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में शिविर में विभिन्न रोगों से बचाव, योग चिकित्सा, ध्यान, प्राकृतिक जीवनशैली एवं बाल संस्कार से जुड़े विशेष सत्र आयोजित किए जाएँगे। उन्होंने निशुल्क योग प्रशिक्षण शिविर में में 5 दिनों के लिए अधिक से अधिक लोगों से शिविर में भाग लेने की अपील की। “बच्चों को मोबाइल नहीं, योग और संस्कारों से जोड़ें”
